कैबिनेट मिशन

Welcome to our new blog


कैबिनेटमिशनयोजना अनुसार संविधान सभा के सदस्यों की कुल संख्या 389 निश्चित की गई थी, जिनमें 292 ब्रिटिश प्रांतों से व 4 चीफ कमिश्नर क्षेत्रों से निर्वाचित तथा 93 देशी रियासतों से मनोनीत प्रतिनिधि थे। उस समय भारत में 04 चीफ कमिश्नर क्षेत्र थे किन्तु यहाँ राज्य सरकारें नहीं होती थी। चीफ कमिश्नर क्षेत्र से आशय लगभग आज के केंद्र शासित प्रदेश से है। इन क्षेत्रों से संविधान सभा के लिए एक- एक सदस्य चुना गया था। 1. अजमेर- मेरवाड़ा :- यहाँ से मुकुट बिहारी लाल भार्गव कांग्रेस से सदस्य चुने गये थे। वर्तमान में यह क्षेत्र राजस्थान में है। 2. ब्रिटिश बलूचिस्तान :- यहाँ से नवाब मोहम्मद खान जोगजेई मुस्लिम लीग से सदस्य चुने गये थे। वर्तमान में यह क्षेत्र पाकिस्तान का एक प्रांत है। 3. कुर्ग :- यहाँ से चेप्पूदिरा मुथाना (सी. एम.) पुनाचा कांग्रेस से सदस्य चुने गये थे। वर्तमान में यह क्षेत्र कर्नाटक का एक जिला है तथा इसका वर्तमान नाम कोडागू है और इसका जिला मुख्यालय मडिकेरी है। 4. दिल्ली :- यहाँ से एम. आसफ अली सदस्य चुने गये थे किन्तु फरवरी 1947 से USA का राजदूत बनाये जाने पर उनके त्यागपत्र देने के बाद देशबंधु गुप्ता चुने गये, यह दोनों ही कांग्रेस से थे। इनका चुनाव जुलाई 1946 में हुआ। कुल 389 सदस्यों में से प्रांतों के लिए निर्धारित 296 सदस्यों के लिए चुनाव हुए। इसमें कांग्रेस को 208, मुस्लिम लीग को 73 एवं 15 अन्य दलों से व स्वतंत्र उम्‍मीदवार निर्वाचित हुए। प्रांतों का प्रतिनिधित्व मुख्यतः तीन समुदायों (हिन्दू, मुस्लिम व सिख) की जनसंख्या के आधार पर विभाजित किया गया था। अर्थात, संविधान सभा में ब्रिटिश प्रातों के 296 प्रतिनिधियों का विभाजन सांप्रदायिक आधार पर किया गया- 213 सामान्य, 79 मुसलमान तथा 4 सिख। इसका मतलब यह हुआ कि उस समय इंडियन कौंसिल एक्ट 1909 (मार्ले-मिण्टो रिफार्म) के अनुसार मुस्लिमों को और इंडियन कौंसिल एक्ट 1919 (मांटेग्यू- चेम्सफोर्ड रिफार्म) के अनुसार सिखों को सेपरेट इलेक्टोरेट लागू था।